खन्ना नगर स्थित गैस एजेंसी पर कर्मचारी द्वारा मोबाइल पर गाना बजाने से गुस्साए दबंगों ने सोमवार रात और मंगलवार सुबह एजेंसी के बाहर कई राउंड हवाई फायर किए। कर्मचारियों के शोर मचाने पर दबंग भाग गए हुए।
एजेंसी संचालक ने एक नामजद समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। खन्ना नगर कालोनी स्थित भूमिका गैस एजेंसी के संचालक अंकुर देशवाल ने बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे वह गोदाम इंचार्ज विकास, सप्लायर रवि और गार्ड अनिल के साथ एजेंसी पर खाना खा रहे थे।
तभी बाहर से किसी ने एजेंसी का दरवाजा खटखटाया। गार्ड ने दरवाजा खोला तो करीब आधा दर्जन युवक बाहर खड़े थे। उनमें से एक ने गार्ड को कहा कि मोबाइल पर चल रहा गाना बंद कर दो। गार्ड ने इंकार किया तो हवाई फायर कर उसे धमकाते हुए भाग गए।
अंदर बैठे अन्य लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को मामले की सूचना दी। सोमवार सुबह भी उन्हीं युवकों ने एजेंसी के बाहर फायरिंग करते हुए गार्ड को धमकाया। अंकुर ने बताया कि युवकों में से एक पास ही रहने वाला है।
कुछ दिन पहले वह एजेंसी पर आया था और उसने कर्मचारियों को कहा था कि काम करते हुए मोबाइल पर गाना न बजाया करें। इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है। न मानने पर धमकी भी दी थी।
संचालक की शिकायत पर पुलिस ने इंद्रापुरी कालोनी निवासी प्रवीण नागर और चार अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ एपी सिंह ने बताया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटनास्थल से छह खोखे बरामद किए गए हैं।