अर्थला के रामनगर में रविवार सुबह सुमित्रा (45) की उसके पति राकेश ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी और भाग गया। राकेश बेरोजगार है, जिस कारण सुमित्रा उससे अलग अपनी बहन के घर रह रही थी।
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे राकेश सुमित्रा से मिलने आया। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद राकेश ने सुमित्रा को चाकू से गोद दिया। चीख सुनकर बहन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, मगर तब तक वह भाग चुका था। सुमित्रा को एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मेरठ की रहने वाली सुमित्रा की शादी 20 साल पहले नंदग्राम निवासी राकेश से हुई थी। इनके दो बेटे करण (16) और अर्जुन (11) हैं। राकेश रंग पुताई करने का काम करता है, मगर लंबे समय से काम पर ही नहीं जाता था।
एसओ साहिबाबाद हरिदयाल यादव ने बताया कि राकेश चाकू भी साथ ही लाया था। हो सकता है कि वह सुमित्रा को मारने के इरादे से ही आया हो। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा। पति के काम पर न जाने से परेशान सुमित्रा बड़े बेटे को लेकर अर्थला के रामनगर स्थित बहन पिंकी के साथ रहने लगी थी। वह घरों में काम करती थी।