एनएच-24 पर तेज रफ्तार डग्गामार बस की चपेट में आकर बाइक सवार रोशन जहां (24) की मौत हो गई और उसका भांजा इमरान घायल हो गया। भीड़ ने बस में तोड़फोड़ की और आरोपी चालक को पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। इस दौरान हाईवे पर काफी देर जाम लगा रहा।
पुलिस ने बताया कि रोशन जहां की एक साल पहले आमिर निवासी मोहल्ला नालीपड़ा मसूरी से शादी हुई थी। हादसा रविवार शाम करीब पांच बजे तब हुआ जब वह इमरान के साथ बाइक पर डासना यासीनगढ़ी जा रही थी। इमरान की 28 मार्च को शादी है, जिसकी तैयारियों के लिए वह उन्हें अपने घर ले जा रहा था।
टोल टैक्स के पास पीछे से डग्गामार बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। रोशन जहां उछलकर सड़क पर गिरी और बस का पहिया के नीचे आकर कुचली गई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और इमरान जख्मी हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपी बस चालक नूर मोहम्मद निवासी स्याना बुलंदशहर भागने लगा, जिसे भीड़ ने दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि यह डग्गामार बस मुरादाबाद से गढ़ होते हुए दिल्ली के लिए चलती है।