गाजियाबाद (ब्यूरो)। आटो में सवारियों को लूटने की घटना तो अक्सर होती हैं, मगर पुराने बस अड्डे पर एक रिक्शा चालक ने अपने साथियों के साथ सवारी को लूट लिया। दिल्ली के उत्तमनगर निवासी अजय कुमार ने बताया कि शनिवार रात वह पुराने बस अड्डे से तुराबनगर अपनी रिश्तेदारी में जाने के लिए रिक्शे पर बैठा था। कुछ देर बाद ही उसे अर्ध बेहोशी सी छाने लगी। तभी वहां रिक्शा चालक के दो-तीन साथी और आ गए। उन्होंने उससे ढाई हजार रुपये और दो मोबाइल लूट लिए। इसके बाद वह बेहोश हो गया, रविवार सुबह उसे होश आया तो वह डासना में था। उसने किसी तरह अपने परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी। हालांकि लूट की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। रातभर नहीं मिलने पर रविवार को सिहानी गेट थाने में अजय की गुमशुदगी की तहरीर दी गई थी, जो अजय के मिलने पर वापस ले ली गई।