गाजियाबाद। चर्चित आरुषि-हेमराज मर्डर केस की फाइनल बहस के आठवें दिन भी डिफेंस ने सीबीआई की थ्योरी पर जमकर सवाल उठाए। डिफेंस का कहना था कि हेमराज के कमरे से बरामद बीयर की बोतल से खून का निशान मिला था। फोरेंसिक एक्सपर्ट डा. बीके महापात्रा ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि बोतल पर एबी पाजिटिव ग्रुप का ब्लड था। आरोपी नूपुर तलवार सीबीआई विशेष न्यायाधीश एस. लाल की कोर्ट में पेश हुई। डिफेंस के अधिवक्ता तनवीर अहमद मीर और मनोज शिशौदिया का कहना था कि हेमराज का ब्लड़ ग्रुप भी एबी पाजीटिव था। खास बात यह भी है कि दीवार पर लगा खूनी पंजा और छत के दरवाजे पर लगे खून के छींटे भी इसी डीएनए से मैच कर रहे थे। डिफेंस ने भारती के बयान को भी आधार बनाया। उनका कहना था कि नूपुर तलवार ने भारती से नीचे जाने को नहीं कहा था, खुद भारती ने ही नीचे जाने को कहा था। इसके अलावा ड्राइवर उमेश शर्मा और कपड़ों पर प्रेस करने वाली महिला ने भी अपने बयानों में यह बताया था कि तलवार दंपति के फ्लैट का दरवाजा तेज धक्का देने पर ही खुलता था और तब आवाज भी होती थी। डिफेंस ने यह भी कहा कि सीबीआई अपनी थ्योरी में हेमराज के जिस दरवाजे से राजेश तलवार के गुजरने की बात कर रही है, वह दरवाजा हमेशा बंद रहता है और उसके सहारे फ्रिज रखा हुआ था। मामले में बाकी बहस के लिए कोर्ट ने अब 11 नवंबर की तारीख तय की है। उधर केस में फैसले की घड़ी करीब आ गई है। शुक्रवार को फाइनल बहस शुरू होने से पूर्व ही विशेष न्यायाधीश एस. लाल ने डिफेंस को निर्देश दिए कि वह शुक्रवार को ही अपनी बहस समाप्त कर लें।