एनआरएचएम घोटाला
सीबीआई विशेष कोर्ट में चली कार्यवाही
अभय वाजपेयी समेत 5 आरोपी हुए पेश
गाजियाबाद। एनआरएचएम घोटाले से संबंधित एक मामले में मंगलवार को भी सीतापुर के औषधि निरीक्षक दिनेश कुमार तिवारी से जिरह जारी रही। गवाह से सौरभ जैन और विवेक जैन की ओर से जिरह की गई। बुधवार को भी गवाह से जिरह जारी रहेगी। इससे पूर्व घोटाले में फंसे यूपीएसआईसी के पूर्व निदेशक अभय कुमार वाजपेयी समेत 5 आरोपी सीबीआई कोर्ट में पेश हुए।
विशेष न्यायाधीश एस. लाल की कोर्ट में चली कार्यवाही में सौरभ जैन के अधिवक्ता के सवालों का जवाब देते हुए गवाह ने बताया कि सभी फार्म नंबर-17 में यूपीएसआईसी के किसी अधिकारी के साइन नहीं हैं। इसमें केवल लोक सेवकों के साइन हैं। आरोपी विवेक जैन ने गवाह से स्वयं जिरह की। एक सवाल का जवाब देते हुए गवाह ने कोर्ट को बताया कि वह 1999 से औषघि निरीक्षक के पद पर कार्यरत है। बलिया, बस्ती, कानपुर नगर और लखनऊ के बाद अब वह सीतापुर में तैनात है। गवाह का कहना था कि वीएस केमिकल्स सहारनपुर द्वारा निर्मित पायोडीन आयोडीन 5 प्रतिशत सोल्यूशन और केमिकाश इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कलकत्ता द्वारा निर्मित ग्लूटल डिहाइड 2 प्रतिशत सोल्यूशन की गुणवत्ता की कोई शिकायत कभी नहीं मिली। गवाह से जिरह बुधवार को (आज) भी जारी रहेगी।
एनआरएचएम घोटाला : बाबू कुशवाहा समेत 8 आरोपी हुए पेश
गाजियाबाद। घोटाले में फंसे यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा समेत 8 आरोपियों को मंगलवार सुबह सीबीआई विशेष न्यायाधीश एस. लाल की कोर्ट में पेश किया गया। बीमारी के चलते आईएएस प्रदीप शुक्ला को पेश नहीं किया जा सका। मामले की सुनवाई अब बुधवार को होगी।
इंसेट :
डा. लालचंद यादव की जमानत अर्जी पर हुई बहस
गाजियाबाद। वाराणसी के पूर्व सीएमओ डा. लालचंद यादव की जमानत अर्जी पर मंगलवार को बहस हुई। कोर्ट ने फिलहाल फैसला सुरक्षित रख लिया है। खास बात यह भी है कि जमानत अर्जी में डिफेंस की ओर से ही धाराओं से संबंधित कई गलतियां थीं। फिलहाल कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। संभवत: कोर्ट इस मामले में बुधवार को अपना फैसला सुना सकती है।