गाजियाबाद। सतीश गोयल की बेटी शैली और दामाद सचिन मित्तल से सीएम ने संवेदना जताई। तीन मिनट की मुलाकात में सीएम ने कहा कि सरकार उनके साथ है। एसएसपी उन्हें सुरक्षा मुहैया कराएंगे। मंच के पीछे ही बने कमरे में शैली और सचिन अपनी गाड़ी में पहुंचे थे। गाड़ी में सचिन की मां मंजू, फूफा सज्जन गोयल, बेटा अर्पित, सचिन का छोटा भाई गोपाल भी थे। सचिन ने बताया कि एसएसपी ने फोन करके बुलवाया था। सीएम ने शैली के कंधे पर हाथ रखकर हत्याकांड पर खेद जताया। सीएम ने कहा, कोई भी परेशानी हो तो एसएसपी को बताएं। सचिन ने बताया कि वे पुलिस के खुलासे से संतुष्ट हैं। इसलिए सीबीआई जांच की जरूरत नहीं। मुख्यमंत्री ने शैली को पूरी सुरक्षा का आश्वासन दिया।
यशवीर की पत्नी को मिलेगी सरकारी नौकरी
- सीएम ने यशवीर के परिजनों को दिया आश्वासन
- लैपटॉप कार्यक्रम के बाद प्रशासन ने चुपके से कराई मुलाकात
गाजियाबाद। बम्हेटा में मारे गए अधिवक्ता यशवीर यादव के परिजन भी सीएम से मिले। मुख्यमंत्री ने यशवीर की पत्नी नीरू यादव को आश्वासन दिया है कि उसे जल्द ही सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसके लिए सीएम ने नगर आयुक्त आरके सिंह को आवश्यक निर्देश भी दिए। मंच के पीछे बने कमरे में ही उनको भी मिलवाया गया। यशवीर की विधवा नीरू यादव ने बताया कि वह एमए पास है। बच्चों के पालन-पोषण के लिए उसे नौकरी दिलाई जाए। इस पर सीएम का कहना था कि वह लखनऊ जाते ही इस बारे में उचित व्यवस्था करेंगे।
बता दें कि यशवीर की बम्हैटा स्थित उसके घर पर ही ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के आरोप में बम्हैटा में ही रहने वाला मिट्ठन और उसकी मां राजबाला डासना जेल में बंद हैं।