गाजियाबाद। मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो शनिवार से सफाई मजदूर संघ ने निगम कार्यालय पर धरना शुरू कर दिया। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि मांगें पूरी होने के बाद ही उठेंगे।
उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के महानगर अध्यक्ष अनिल पार्चा ने कहा कि बोर्ड प्रस्ताव कर्मचारियों के बढ़े वेतन का एरियर दिए जाने, सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर लगाने समेत 10 सूत्री मांगों को लेकर पूर्व में ही ज्ञापन दिया गया था। 15 मार्च तक अल्टीमेटम देकर 16 मार्च से धरने की चेतावनी दी गई थी। उनकी मुख्य मांग है कि सीवर मैन का 10 लाख का बीमा और 34 दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को स्थायी किया जाए। दीपक राजौरिया का कहना है कि सफाई कर्मचारियों को निगम की ओर से 50-50 गज के प्लाट आवंटित किए जाएं। मांगें पूरी नहीं हुई तो सफाई कर्मचारी कामकाज ठप कर देंगे।। धरने में जगमोहन टांक, मोहित वाल्मीकि, अशोक मकवाना, श्याम सिंह, दीपक भारती, हरीश गहलोतेे आदि रहे।