गाजियाबाद। एनएच-24 और एनएच-58 के चौड़ीकरण के मुुद्दे पर भाजपा आंदोलन करेगी। बृहस्पतिवार को पार्टी नेताओं ने चौड़ीकरण का काम जल्द शुरू न किए जाने पर सड़कों पर उतरने का ऐलान किया। भाजपाइयों ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर इस मुद्दे को जानबूझकर नजरअंदाज करने का आरोप भी लगाया। नेहरू नगर कार्यालय में हुई पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक सुनील शर्मा ने कहा कि पार्टी तीन साल से इस मुद्दे को उठा रही है। हर बार सिर्फ चौड़ीकरण का काम शुरू करने का आश्वासन मिलता रहा। पार्टी के क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष अतुल गर्ग ने कहा कि गाजियाबाद रेवेन्यू देने में अव्वल स्थान रखता है। यदि एनएच-24 चौड़ीकरण पर धनराशि खर्च भी कर दी जाती है, तो रेवेन्यू बढ़ेगा। इस दौरान ब्रजपाल तेवतिया, एसपी सिंह, प्रकाश पाल, जगदीश साधना, प्रेम त्यागी, मानसिंह गोस्वामी भी रहे।