गाजियाबाद/साहिबाबाद। निजी विकासकर्ताओं द्वारा विकसित टाउनशिप और हाउसिंग प्रोजेक्ट में गरीबों के लिए मकान अनिवार्य रूप से बनें। 10-10 फीसदी ईडब्लूएस और एलआईजी भवनों का निर्माण हर हाल में सुनिश्चित हो। शनिवार को प्रमुख सचिव (आवास) प्रवीर कुमार ने अधिकारियों को निर्देश जारी किए। प्रमुख सचिव ने जीडीए, नगर निगम, आवास विकास, सिंचाई विभाग, सेतु निगम आदि विभागों के विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
प्रमुख सचिव ने आवास विकास की सिद्धार्थ विहार योजना और प्रताप विहार में गंगाजल प्लांट का निरीक्षण किया। फिर प्रमुख सचिव का काफिला इंदिरापुरम सीवर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचा। वसुंधरा सेक्टर-सात होते हुए प्रमुख सचिव हज हाउस पहुंचे। उन्होंने हिंडन पर निर्माणाधीन पुल भी देखा। उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। जीडीए में उन्होंने कॉल सेंटर का मुआयना किया। फिर सभागार में बैठक की। बैठक में जीडीए वीसी संतोष यादव, आरके सिंह, एके जमा, डीआर यादव, डीपी सिंह, आरपी पाण्डेय आदि रहे।