गाजियाबाद। गणतंत्र दिवस पर शहरवासियों को सिटी बस का तोहफा मिलेगा। जीडीए हर हाल में 26 जनवरी से सिटी बस सेवा शुरू की पूरी तैयारी में है। इसमें रोडवेज भी जीडीए का साथी बनेगा। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत रोडवेज सिटी बस सेवा के लिए 15 बसें जीडीए को देगा। जीडीए की बसें आने के बाद रोडवेज की बसें वापस हो जाएंगी।
बृहस्पतिवार को जीडीए उपाध्यक्ष संतोष यादव ने लखनऊ में यूपीएसआरटीसी के एमडी आलोक कुमार से सिटी बस मुद्दे पर बैठक की थी। बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष ने अपने खर्च पर बस खरीदने और बसों के मेंटेनेंस खर्च उठाने का प्रस्ताव रखा। एमडी को यह प्रस्ताव पसंद आया। उन्होंने प्रस्ताव को सहमति दे दी। जीडीए उपाध्यक्ष ने 26 जनवरी से सेवा शुरू करने की बात कही। इस पर एमडी ने कहा कि बसों की खरीद और परमिट लेने आदि की प्रक्रिया में कम से कम तीन माह का समय लगेगा। ऐसे में 26 जनवरी तक बस सेवा शुरू होना संभव नहीं है। एमडी ने रोडवेज की 15 बसें देने पर हामी भर दी है। जीडीए उपाध्यक्ष संतोष यादव ने बताया कि 26 जनवरी तक सिटी बसें शहर में दौड़ने लगेंगी। रोडवेज के एक अधिकारी को सिटी बस सेवा की औपचारिकताएं पूरी करने केलिए नियुक्त किया गया है।