जाम का लंबा इंतजाम
नोएड/गाजियाबाद। ओखला बैराज पर शुरू होने जा रहे ट्रैफिक जाम के झमेले से भले ही दो महीने बाद छुटकारा मिल जाए लेकिन इसके बाद भी यह परेशानी कम नहीं होगी। बैराज के बाद मेट्रो और अंडरपास आपके रास्ते की अड़चन बनने जा रहे हैं। इसको लेकर अभी से ट्रैफिक पुलिस की टेंशन बढ़ गई है।
ओखला बैराज पर आगामी 15 दिसंबर से यातायात प्रभावित होने जा रहा है। जिसको लेकर न सिर्फ नोएडा बल्कि दिल्ली पुलिस के हाथ-पांव भी फूले हुए हैं। आधी फरवरी गुजरने के बाद ओखला बैराज पर यातायात सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन इसके बाद भी ट्रैफिक जाम से निजात मिलने वाली नहीं है। भले ही कालिंदी कुंज से बॉटेनिकल गार्डन तक मेट्रो रेल विस्तार की परियोजना राज्य सरकार से मंजूरी के इंतजार में हो, लेकिन इस परियोजना पर मार्च से काम शुरू करने के संकेत प्राधिकरण की तरफ से ट्रैफिक पुलिस को दिए जा चुके हैं। मेट्रो विस्तार के चलते महामाया फ्लाईओवर और इसके नीचे से गुजरने वाले वाहनों को एक बार फिर से रूट डायवर्जन का सामना करना पड़ेगा।
शहर की सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिसको दूर करने के लिए एफओबी और अंडरपास बनाने की योजना पर काम बहुत जल्द शुरू होने जा रहा है। कालिंदी कुंज से एनएच-24 को जोड़ने वाले रोड नंबर-छह को अति व्यस्त सड़कों में गिना जाता है।
यहां बनेंगे एफओबी
फोर्टिस अस्पताल, मामूरा चौक, डीपीएस स्कूल, सेक्टर-15, सेक्टर-15ए, सेक्टर-37 चौराहा, बरौला, अगाहपुर, भंगेल, एनईपीजेड, फेज-टू, एक्सप्रेसवे एमिटी, लेबर
चौक खोड़ा।