गाजियाबाद। एमएमजी जिला महिला अस्पताल में सोमवार को शार्ट सर्किट होने से तारों और बिजली के बोर्ड में आग लग गई। इससे पास के सभी वार्ड में धुआं फैल गया, जिससे मरीजों में अफरातफरी मच गई।
महिला अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में सोमवार को दोपहर 12:30 बजे शार्ट सर्किट से तारों में आग लग गई। जच्चा-बच्चा वार्ड के मेन गेट पर लगे बिजली के स्विच बोर्ड से आग ऑपरेशन थियेटर तक पहुंच गई। इससे आपरेशन थियेटर के बिल्कुल पास बने गलियारे का बोर्ड आग से फुंक गया। तारों में आग लगते ही स्टाफ ने तुरंत जेनरेटर बंद करा दिया। जेनरेटर और मेन स्विच बंद होते ही आग बुझ गई। तार में आग लगने के कारण पूरेे वार्ड और आपरेशन थियेटर में धुआं भर गया। कैला भट्टा की शकीना ने बताया कि धुएं के कारण सभी को खांसी होने लगी। वहदगढ़ की वरीसा का कहना था कि तारों में आग लगने से अफरातफरी मचने लगी। आनन-फानन में बिजली कर्मचारियों को बुलाया गया। करीब 2 बजे अस्पताल की बिजली ठीक हो पाई। इस दौरान डेढ़-दो घंटे तक ओटी, अल्ट्रासाउंड आदि ठप्प रहे।