लोनी। लंबे समय से फुंके ट्रांसफार्मर को बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं बदले जाने पर आक्रोशित सिरोली गांव के लोगों ने अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया तथा पावर कारपोरेशन के विरुद्ध नारेबाजी की। अधिशासी अभियंता ने दो दिन में समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया है।
शुक्रवार दोपहर दो बजे सिरौली गांव के दर्जनों लोग बस में सवार होकर उदयवीर गुर्जर के नेतृत्व में इंद्रापुरी कॉलोनी स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे तथा कार्यालय का घेराव कर पावर कारपोरेशन के विरुद्ध नारेबाजी करने लगे। उनका आरोप था कि सिरोली गांव का ट्रांसफार्मर दो माह से फुंका पड़ा है। जिसके कारण एक तिहाई गांव की विद्युत आपूर्ति ठप है। पावर कारपोरेशन के अधिशासी अभियंता एसके सिंह ने ग्रामीणों को दो दिन में ट्रांसफार्मर बदलवाने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया। उदयवीर गुर्जर ने दो दिन में ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शनकारियों में मुख्य रूप से नरेन्द्र सिंह, सचिन, दीपक पहलवान, विशम्भर, लेखराज, देसराज आदि रहे।