नानी, नाती और नातिन की हालत बिगड़ी, नानी आईसीयू में
गाजियाबाद। कैलाशनगर में कोल्ड ड्रिंक पीने से तीन लोगों की हालत बिगड़ गई। नानी, नातिन और नाती को गंभीर हालत में कविनगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। तीनों में से नानी की हालत अभी भी नाजुक है। फूड एंड सेफ्टी विभाग ने कोल्ड ड्रिंक की बोतल को सील कर लिया है।
कैलाश नगर में अशोक कौशिक का परिवार रहता है। उनके ससुर पीसी दुबे (निवासी औरेया) का दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। अशोक की सास कैलाशी देवी अपने नाती अवनीश और नातिन प्रीति संग अस्पताल में पति का हालचाल जानकर वापस लौटी थीं। अस्पताल में भर्ती प्रीति ने बताया की दिल्ली से लौटने पर घर के पास की दुकान से कोल्ड ड्रिंक की बोतल खरीदी। ड्रिंक पीते ही सबसे पहले नानी बेहोश हो गईं। प्रीती ने बताया कि आनन-फानन में उसने अपने मामा अनुराग दूबे और अवधेश दूबे को फोन किया। जब तक अन्य लोग घर पर आते प्रीती को भी उल्टियां होने लगी और वह बेहोश हो गई। अवधेश दूबे ने बताया कि अवनीश को भी 15-20 उल्टियां हुईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत अब सामान्य है। कैलाशी देवी और प्रीती को रात में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज कर रहे डा. मनोज जैन ने बताया कि वृद्धा अभी भी बेहोश हैं और आईसीयू में उनका उपचार चल रहा है। हालांकि प्रीति अब सामान्य है। स्टोमक वाश के बाद के लिक्विड को पुलिस लेकर गई है। जांच के बाद ही कोल्ड ड्रिंक के रसायन की पुष्टि हो पाएगी।
शिकायत के बाद फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम ने दुकान और घर का दौरा किया और कोल्ड ड्रिंक की बोतल को सील कर कब्जे में ले लिया है।