गाजियाबाद/साहिबाबाद। सीसीएसयू की बीएड सत्र 2011-12 की मुख्य, बैक पेपर और भूतपूर्व छात्रों की परीक्षाएं बृहस्पतिवार से शुरू हो रही हैं। इसके लिए गाजियाबाद में 11 और पंचशील नगर में 4 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को लेकर सभी सेंटरों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। खास बात यह है कि इस बार बीएड की परीक्षाएं दूसरी पाली में शाम 3 से 6 बजे तक आयोजित होंगी। गाजियाबाद, पंचशील नगर में बीएड परीक्षा के लिए बने कुल 15 केंद्रों पर 10584 छात्र परीक्षा देंगे। एलआर कॉलेज, साहिबाबाद के प्राचार्य डा. एसडी कौशिक ने बताया कि उनके सेंटर पर 500 स्टूडेंट्स परीक्ष्ाा देंगे। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं, मेवाड़ इंस्टीट्यूट में पांच कॉलेज के एक हजार जबकि मोहन नगर स्थित माडर्न कॉलेज में मोदीनगर के 786 स्टूडेंट्स का सेंटर पड़ा है। माडर्न कॉलेज की प्रिंसिपल डा. निशा सिंह ने बताया कि परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एमएड के लिए एक सेंटर
वहीं, विवि एमएड के तीन सत्रों की लटकी परीक्षा भी बृहस्पतिवार से ही शुरू करा रहा है। एमएड परीक्षा में एमएड सत्र 2009-10 में काउंसलिंग के जरिए प्रवेश पाने वाले, सत्र 2007-08 और 2008-09 दूसरे फेज के वे छात्र जिनका दाखिला बिना काउंसलिंग के हुआ था तथा सत्र 2008-09 के पूर्व और बैक पेपर देने वाले छात्र परीक्षा देंगे। गाजियाबाद में महालक्ष्मी गर्ल्स कॉलेज को सेंटर बनाया गया है, जहां 70 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इस सेंटर पर चार कॉलेजों के स्टूडेंट्स परीक्षा देंगे। पेपर शाम की पाली में तीन से छह बजे तक होंगे।
प्रवेशपत्र अटेस्ट कराने को उमड़ी भीड़
गाजियाबाद। 18 जुलाई को कॉलेज खुलने पर प्रवेशपत्र अटेस्ट कराने के लिए परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। ऐसे में कॉलेजों में काफी भीड़भाड़ रही। गौरतलब है कि 16 और 17 जुलाई को कांवड़ यात्रा की वजह से कॉलेज बंद रहे। ऐसे में 18 जुलाई को कॉलेज खुलते ही छात्रों की भीड़ उमड़ पड़ी। किसी ने एडमिट कार्ड को अटेस्ट कराया तो किसी ने नो ड्यूज लिया। आईपीईएम बीएड कॉलेज की प्राचार्य डा. सक्षम सिंह ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। परीक्षा शाम 3 से 6 बजे की पाली में होगी।