सवा लाख लीटर पानी का रोजाना हो रहा शुद्धिकरण
गाजियाबाद। लोहियानगर की जमीन में घुले ‘जहर’ को सफलता पूर्वक बाहर निकाला जा रहा है। विनोवा भावे पार्क में लगी जल शुद्धिकरण परियोजना रोजाना एक से सवा लाख लीटर पानी को ट्रीट कर रही है। अब इस ट्रीटेड पानी से लोहियानगर के पार्क और ग्रीन बेल्ट की सिंचाई की योजना तैयार की गई है। निर्माण एजेंसी ने डीएम से परियोजना से लोहियानगर के पार्क और ग्रीन बेल्ट तक पाइप लाइन बिछाने की इजाजत मांगी है। वहीं डीएम ने नगरायुक्त को मामले का परीक्षण कर पाइप लाइन डालने की एनओसी जारी करने को कहा है। जल शुद्धिकरण परियोजना से लोहियानगर के ग्राउंड वाटर में घुले क्रोम को अत्याधुनिक तकनीकी से अलग किया जा रहा है। यह कार्य जनवरी से चल रहा है। क्रोम को नष्ट करने के लिए छह महीने तक ऑपरेशन ‘क्लीन’ जारी रहेगा। परियोजना रोजाना सवा लाख लीटर पानी को शुद्ध कर रही है। फिलहाल इस पानी को नाले में बहा दिया जाता है। संचालन संस्था श्रीराम पिस्टन ने इस पानी का इस्तेमाल लोहियानगर के पार्क और ग्रीन बेल्ट में करने की कार्ययोजना तैयार कर जिलाधिकारी को भेजी है।