झींझक थाना क्षेत्र के शाहपुर जोगी डेरा गांव के पास श्रमशक्ति एक्सप्रेस से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। स्टेशन मास्टर की सूचना पर मंगलपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक की जेब मिले मोबाइल फोन से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
मंगलपुर थाना के शाहपुर जोगी डेरा गांव के ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 6:15 बजे परजनी हाल्ट व झींझक रेलवे स्टेशन के बीच कानपुर की तरफ जा रही श्रमशक्ति एक्सप्रेस गुजर रही थी। खंभा नंबर 1083/19 व 21 के बीच 23 वर्षीय एक युवक ट्रेन से नीचे गिर पड़ा, और उसकी मौके पर मौत हो गई।
वहां से निकल रहे कीमैन कालीचरण की नजर शव पर पड़ी तो उसने स्टेशन मास्टर झींझक को सूचना दी। युवक की तलाशी पर जेब से मिले मोबाइल फोन से परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। रवींद्र सिंह निवासी पुरवा घने थाना बेला ने शिनाख्त अपने बड़े पुत्र अजय प्रताप के रूप में की। उन्होंने पुलिस को बताया कि अजय की ससुराल शिवली क्षेत्र के सांभरपुर गांव में है।
उसकी पत्नी दिब्या ने अकबरपुर के निजी अस्पताल में दो दिनों पूर्व एक पुत्र को जन्म दिया है। अजय दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। पुत्र के जन्म की सूचना पर ट्रेन से अकबरपुर जा रहा था। उपनिरीक्षक अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की पहचान पुरवा घने थाना बेला निवासी रवींद्र सिंह ने अपने बड़े पुत्र अजय प्रताप के रूप में की है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।