यमुना नदी के पुल का क्षतिग्रस्त हिस्सा
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर-सागर राजमार्ग स्थित यमुना नदी का पुल फिर क्षतिग्रस्त हो गया है। शुक्रवार सुबह प्रशासन को जब इसकी जानकारी हुई तो पुल पर भारी वाहनों और ओवरलोड ट्रकों का आवागमन रुकवा दिया गया।
घाटमपुर की सीमा पर पुल की पांचवीं कोठी में तकरीबन एक मीटर के क्षेत्रफल में पुल की स्लैब (लेंटर) टूटने से उसके भीतर सरिया का जाल दिखाई दे रहा है। वहीं क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास काफी दूर तक मोटी दरारें पड़ गई हैं।
रोड निर्माण कंपनी (पीएनसी) के अधिकारियों का कहना है कि किसी ओवरलोड ट्रक के पुल पर खराब हो जाने और उसको ठीक करने के लिए लगाए गए प्रेशर जैक से पुल की पांचवीं कोठी के एक किनारे थोड़ी जगह का डामर और गिट्टी उखड़ी है, जिससे वहां सरिया दिखाई देने लगी हैं।
बताया कि इससे पुल को कोई खतरा नहीं है। क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है। मालूम हो कि इससे पहले मई माह में भी हमीरपुर की सीमा पर पुल क्षतिग्रस्त हुआ था।
सजेती एसओ एपी वर्मा ने बताया कि रोड निर्माण कंपनी के लोगों के अनुरोध और प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर पुल से होकर निकलने वाले भारी वाहनों (रोडवेज बसों) को छोड़कर अन्य पर रोक लगा दी गई है। दोपहर से लागू हुए आदेश के तहत सिर्फ छोटे और हल्के वाहन ही पुल से निकाले जा रहे हैं।