लालपुर गांव में शराब की दुकान पलटाती महिलाएं।
शराबबंदी का मुद्दा अब उग्र रूप धारण कर चुका है। महिलाओं ने इसके लिए बिगुल फूंक दिया है। जिले भर में जगह-जगह प्रदर्शन किए जा रहे हैं। शुक्रवार को अकबरपुर कोतवाली के लालपुर गांव में हाईवे से हटाकर शिफ्ट किए गए ठेके पर महिलाओं ने धावा बोल दिया। ढाई लाख रुपये कीमत की देशी-विदेशी, बियर की बोतलें फोड़ दी। दो घंटे तक जमकर तांडव किया। सेल्समैन ठेका छोड़कर भाग निकले।
सुप्रीमकोर्ट ने हाईवे से शराब दुकानें हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके क्रम में एनएच-25 में संचालित बियर, अंग्रेजी और देशी शराब ठेके को लालपुर गांव में शिफ्ट कर दिया गया। गांव वालों ने अपने यहां कोई दुकान किराए पर नहीं दी। इस पर सिंडीकेट वालों ने गांव के बाहर लकड़ी के खोखों में शराब की दुकानें खोल लीं।
इससे नाराज गांव की महिलाएं सुबह करीब 10 बजे घूंघट ओढ़कर हाथ में डंडा और कुल्हाड़ी आदि मौके पर पहुंच गई। दुकान में धाबा बोल दिया। महिलाओं का रौद्र रूप देखकर सेल्समैन आदि मौके से भाग गए। इस दौरान महिलाओं ने दुकान में रखी शराब की बोतलें निकाल कर सड़क पर डाल दी। डंडों से फोड़ दिया। जब तक स्थानीय एवं डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक महिलाओं ने अंग्रेजी, बियर और देशी शराब की पेटियां नष्ट कर दी। इसके अलावा डीप फ्रीजर, गोलक व अन्य सामान तहस नहस कर दिया।
वहीं, देर शाम अनुज्ञापी सुखविंदर सिंह, उमेश गुप्ता ने अकबरपुर कोतवाली में राजू राजा पुत्र प्रहलाद यादव, गुड्डन, बंटू, शिवपाल, रामसजीवन को नामजद करते करीब 10 लोगों के साथ 15 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। अनुज्ञापियों के मुताबिक देशी शराब की 43 पेटी, विदेशी शराब की 35 पेटी, बियर की18 पेटी और 23,400 रुपये भी गायब कर दिए गए।