प्रधानी चुनाव में शराब की दावत उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र के गांव-गांव में गिरोह सक्रिय हो गया है। शनिवार को कोतवाली पुलिस ने छापामार कर मकनपुर रेलवे क्रासिंग के पास एक बोलेरो जीप पकड़ी।
बोलेरो से एक लाख पांच हजार रुपये नकद, 315 बोर का तमंचा व दो कारतूस, पांच पेटी अवैध देसी शराब, बोतल की कई ढक्कन, रैपर बरामद किए।
गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी रमेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि कुछ दिनों से लगातार प्रधान पद के उम्मीदवारों द्वारा वोटरों को लुभाने के लिए नकली और जहरीली शराब बांटने की इनपुट मिल रहे थे।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मकनपुर रेलवे क्रासिंग के पास बोलेरो कार को रोक कर चेकिंग की। चालक ने पुलिस को देखते ही गाड़ी से भगाने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने पीछा करके पर शराब तस्करों को शुक्रवार की देर रात अरौल रेलवे क्रासिंग के पास दबोच लिया।
बिल्हौर एसओ जीवाराम ने बताया कि बोलेरो में पकड़े गए शेर सिंह निवासी गांव पूरनमऊ, राधे श्याम और रावेंद्र निवासी गांव अलियापुर हैं।
पकड़े गए सभी शराब तस्कर हरदोई जिले के मल्लावा थाने के निवासी हैं। उधर, पकड़े गए तीनों आरोपियों ने बताया कि बरामद सारे रुपये शराब बिक्री के हैं। बोलेरो के कागज सभी नहीं दिखा सके।
सीओ ने बताया कि उन प्रधान पद के प्रत्याशियों की कार्यवाई को मानीटर किया जा रहा है जो वोटर को शराब पिलाने के लिए पर्ची बनाकर शराब विक्रेताओं के टच में हैं। जल्द ही कई आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।