मंगलपुर-सिकंदरा रोड पर गड्ढे में फंसा ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
सिकंदरा-रसूलाबाद मार्ग पर मुंड़ेरा गांव में मंगलवार सुबह खराब सड़क पर गिट्टी लदा ओवरलोड ट्रक फंस गया। इस कारण आठ घंटे तक मार्ग का यातायात ठप रहा। जाम के कारण भीषण गर्मी में वाहनों में फंसे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रक निकलने के बाद यातायात सामान्य हो सका। इस बीच राहगीरों को आवागमन के दौरान समस्याओं का सामना करना पड़ा।
सिकंदरा-रसूलाबाद मार्ग पर मंगलपुर से रसूलाबाद तक 20 किलोमीटर सड़क का हिस्सा साढ़े चार वर्षों से खराब पड़ा है। सड़क पर बडे़- बड़े गड्ढे होने से गिट्टी पूरी तरह गायब हो चुकी है। इसके कारण यहां पर जाम लगना आम बात हो गई है।
मंगलवार सुबह सिकंदरा की तरफ से गिट्टी लादकर रसूलाबाद जा रहा ट्रक मुंडे़रा गांव में पहुंचा। तभी सड़क के गड्ढे में ट्रक के पिछले पहिये बीचोंबीच फंस गए। इस वजहसे सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गईं और कई किलोमीटर तक जाम लग गया।
जाम की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी मंगलपुर जेपी यादव ने छोटे वाहनों को गौरी गांव से निकाल कर खानपुर रोड होते हुए झींझक से निकाला। बाद में ट्रक को खाली कर गड्ढे से बाहर निकाला गया। इसके बाद ही मार्ग का यातायात बहाल हो सका। थानाध्यक्ष मंगलपुर ने बताया की ट्रक गढ्ढे से निकलने के बाद मार्ग का यातायात सामान्य हो गया।