ट्रक के नीचे दबी बिजली मिस्त्री की बाइक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कसबे के मुख्य चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान चालक ट्रक से कूदकर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक और उसके खलासी को कब्जे में ले लिया है।
थाना सजेती के जमालपुर गांव का रहने वाला गुड्डू शुक्ला (28) पुत्र झल्लू प्राइवेट बिजली मिस्त्री था। वह लोगों के घरों में मजदूरी पर वायरिंग और बिजली फिटिंग का काम करता था। शुक्रवार को भी वह रोज की तरह काम की तलाश में घाटमपुर आया था। शाम करीब 5.30 बजे के आसपास बाइक से घर लौट रहा था।
मुख्य चौराहे के पास जहानाबाद रोड पर स्थित पंप से बाइक में पेट्रोल डलवाने के बाद जैसे ही रोड पर पहुंचा। तभी, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उसे बाइक समेत रौंद दिया। उसकी बाइक ट्रक के नीचे फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। इस दौरान गुड्डू शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई। यह देख ट्रक का चालक गाड़ी से कूदकर भाग निकला। हादसे की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को एक हटवाकर उसके नीचे फंसी बाइक और युवक के शव को बाहर निकलवाया।
कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक पीएन बाजपेई ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। बताया कि हादसा करने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।