बदमाशों की पिटाई से घायल बिरजू सिंह और उसकी पत्नी गीता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
गुरुवार की रात कसबे के जहानाबाद रोड रेलवे क्रासिंग के निकट बदमाशों ने एक तंबू पर धावा बोला। लूटपाट के इरादे से घुसे बदमाशों ने टोकने पर दंपति को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
मुख्य रूप से गुजरात के कसबा व थाना सचिन सूड़ा (सूरत) निवासी बिरजू सिंह (35) ने बताया कि वह कसबों-शहरों में घूमकर जड़ी-बूटी और देसी दवाएं बेचता है। बताया कि वह सड़कों के किनारे तंबू बांधकर वहीं अपनी दुकान लगा लेता है। बताया कि घाटमपुर के जहानाबाद रोड रेलवे क्रासिंग के पास वह बीते एक महीने से अपनी दुकान लगाकर वहीं रह रहा है।
बिरजू ने बताया कि वह अपनी पत्नी गीता और छोटे-छोटे बच्चों के साथ तंबू में सोया हुआ था। देर रात तकरीबन 12.30 बजे तीन युवक उसके तंबू में घुस आए और वहां रखा सामान पलटने लगे। खटपट सुनकर बिरजू और उसकी पत्नी जाग गए। उन्होंने तंबू में घुसे युवकों को देख शोर मचाना चाहा तो उन्होंने खुद को पुलिस वाले बताकर कहा कि तलाशी लेने आए हैं।
बिरजू और उसकी पत्नी ने विरोध किया तो युवकों ने दोनों की डंडों से पिटाई करनी शुरू कर दी, जिसमें उनके सिर फट गए। इसी दौरान उधर से यूपी 100 की गाड़ी आ गई और बदमाश भाग निकले। इधर, बदमाशों की पिटाई से घायल बिरजू और उसकी पत्नी को रात में ही सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उनका इलाज किया। बिरजू ने बताया कि सुबह वह कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने गया तो पुलिस ने उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी। बताया कि बदमाश तंबू से कोई सामान नहीं ले जा पाए हैं, जिसके चलते उसने भी पुलिस की बात मान ली और रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।