कसबे के मुख्य चौराहे पर तेज रफ्तार मौरंग लदे ट्रक ने चौराहा पार कर रहे दूसरे ट्रक को टक्कर मार दी। दूसरा ट्रक मुख्य चौराहे के बीचोंबीच पलट गया। हादसे के बाद चौराहे पर घंटों यातायात बाधित रहा। ट्रैफिक पुलिस के जवानों को यातायात व्यवस्था संचालित करने में खासी कवायद करनी पड़ी।
भिवानी (हरियाणा) निवासी चालक नरेश कुमार ने बताया कि वह ट्रक में प्लास्टिक के थैले लादकर कोलकाता (पश्चिम बंगाल) से रोहतक जा रहा था। सुबह करीब 6 बजे के आसपास वह जैसे ही घाटमपुर कसबे के मुख्य चौराहे पर पहुंचा। तभी, हमीरपुर की ओर से मौरंग लादकर कानपुर की ओर तेज रफ्तार में जा रहे ट्रक ने मुख्य चौराहे पर उसके ट्रक में टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौरंग लदे ट्रक का चालक आरटीओ से बचने के लिए तेजी से ट्रक को भगाकर ले जा रहा था। मुख्य चौराहे पर ट्रक पलट जाने से सुबह 6 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक यातायात प्रभावित रहा। यातायात उपनिरीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि मुख्य चौराहे पर हुए हादसे के बाद उनकी टीम को यातायात व्यवस्था संचालित करने में काफी परेशानी हुई।