भोगनीपुर कोतवाली के पुखरायां देहात गांव स्थित मंडी की दुकान में चल रहे ग्राहक सेवा केंद्र से तीन युवकों ने एक लाख 30 हजार रुपये समेत बैग पार कर दिया।
केंद्र संचालक संजीत सिंह सचान ने बताया कि मनीषा कंप्यूटर के नाम से पुखरायां देहात में उसकी दुकान है, जिसमें एसबीआई और बीओबी के ग्राहक सेवा केंद्र संचालित हैं। उनकी पत्नी ऊषा भी केंद्र संचालन में सहयोग करती है। बुधवार को वह कैश बांटने के लिए एसबीआई शाखा से रुपये लाया था।
बैग में एक लाख 30 हजार रुपये रखे थे। केंद्र पर तीन युवक आए, उनमें से एक युवक ने अपना एटीएम कार्ड देकर रुपये निकालने को कहा।
एटीएम रवींद्र कुमार के नाम था। रुपये न निकलने पर वह एटीएम दुबारा लगाने लगे। पीछे बैठे एक युवक ने दस-दस रुपये के नोट बिखरा दिए। वहीं दूसरे युवक ने पत्नी ऊषा के कपड़ों पर उल्टी कर दी।
पत्नी कपड़ों की गंदगी साफ करने लगी और वह बिखरे नोट देखने लगा। इसी बीच उनमें से एक युवक ने बैग पार कर दिया और तीनों युवक चले गए। बैग में सेफ की चाबियां, एटीएम, पेनकार्ड, कागजात भी रखे थे। शक के आधार पर एक युवक का नाम भी बताया गया है। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनूप कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।