मुंगीसापुर कसबे के पास हाईवे पर बुधवार की सुबह टीचरों से भरी एक वैन का अगला टायर फटने से बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में वैन चालक व तीन टीचर घायल हो गए।
बिहार घाट चौकी पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डेरापुर थाना क्षेत्र के बिहार घाट चौकी के सामने सुबह 9 बजे के आसपास अचानक तेज धमाके के साथ टायर फटने से वैन हाइवे पर पलट गई।
चीख पुकार सुनकर दौडे़ लोगों ने सभी लोगों को वैन से बाहर निकाला। पुलिस ने वैन चालक अजय गिरि (35) पुत्र द्वारिका प्रसाद निवासी न्यू एलआइजी बी-15 थाना बर्रा और शिक्षक उमाकांत (35) पुत्र श्री कृष्ण निवासी 151, गंगा नगर पीएसी रोड यशोदा नगर, चकेरी कानपुर, धर्मेश प्रताप सिंह (35) पुत्र उदय नारायण निवासी 428 हरदेव नगर थाना बर्रा कानपुर, शीतला प्रसाद पुत्र शिवराम निवासी 639 वैष्णवी बिहार जरौली फेस-2, बर्रा को जिला अस्पताल भेजा गया।
प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को हैलट रेफर किया गया। बता दें कि सभी टीचर प्रतिदिन कानपुर से ड्यूटी करने आते हैं। उक्त टीचर डेरापुर और संदलपुर ब्लाक के परिषदीय स्कूलों में तैनात हैं। डेरापुर थानाध्यक्ष फाजिल सिद्दीकी ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।