विकास खंड के बरईगढ़ गांव में सांसद की रात्रि चौपाल के दौरान हंगामा करने और पत्थर फेंकने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वहीं लोगों का कहना है कि पुलिस ने बिना जांच-पड़ताल किए कार्रवाई की है।
04 मई को सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने अपने गोद लिए गांव बरईगढ़ में रात्रि चौपाल लगाया था, जिसमें गांव के विकास का एजेंडा पढ़े जाने के समय कुछ लोगों ने विकास कार्य न होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। गांव निवासी राजू माली ने प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त देने के नाम पर ग्राम प्रधान रामशंकर पर 25 हजार रुपये मांगने की शिकायत की। जबकि, अमर सिंह ने भी विकास कार्यों की मांग को लेकर हंगामा किया था।
चौपाल में हुए हंगामे के दौरान किसी ने पत्थर फेंका था जो वहां मौजूद खंड विकास अधिकारी (भीतरगांव) ऐश्वर्य यादव की पीठ पर लगा था। घटना के दो दिन बाद कोतवाली में बीडीओ की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
साढ़ चौकी इंचार्ज कृष्णलाल पटेल ने बताया कि सांसद की रात्रि चौपाल में हंगामा करने और पत्थर फेंकने के आरोप में अमर सिंह और राजू माली को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
बोले जनप्रतिनिधि
सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने बताया कि बरईगढ़ गांव में रात्रि चौपाल के दौरान हंगामा करने और पत्थर फेंकने के आरोपियों को जेल भेजे जाने का मामला हमारे संज्ञान में नहीं है। यदि राजू निर्दोष है तो वह इसकी जांच कराएंगे।
मामले को तूल देना ठीक नहीं
बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने बताया कि 04 मई को बरईगढ़ में हुई सांसद की चौपाल में वह उपस्थित नहीं थे। कहा कि इतने छोटे मामले को तूल देना ठीक नहीं है।
.पत्नी का आरोप, बहाने से पति को जेल भेजा
भीतरगांव (घाटमपुर)। रात्रि चौपाल में हंगामा करने और पत्थर फेंकने के आरोप में जेल भेजे गए राजू माली की पत्नी कमला का आरोप है कि पुलिस उसके पति को बहाने से घर से ले गई और जेल भेज दिया। उसने ग्राम प्रधान की मिलीभगत होने की बात कहते हुए आरोप लगाया कि प्रधान उसके पति से प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर 25 हजार रुपये मांग रहा था। चौपाल के दौरान पति ने इसकी शिकायत की थी, इसी खुन्नस में उसको जेल भेजा गया ।
इधर, राजू माली के जेल जाने के बाद उसकी पत्नी कमला, बच्चों पूर्वा और गुलशन का रो-रोकर हाल बेहाल है। वहीं ग्राम प्रधान रामशंकर का कहना है कि पुलिस ने जांच के दौरान जिसको आरोपी पाया, उसको जेल भेजा है। इसमें हमारा कोई लेना-देना नहीं है।