दुर्घटना के बाद जीटी रोड पर लगा वाहनों का जाम
- फोटो : अमर उजाला
शिवराजपुर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बाइक सवार युवक और एक वृद्ध की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से कानपुर हैलट रेफर किया गया है। बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं पहने थे।
शिवराजपुर कस्बे के निसोन गांव निवासी रघुवीर सिंह (24) पुत्र ज्ञान सिंह राजपूत बुधवार की दोपहर दो बजे बाइक से गांव के ही अपने दोस्त बृजपाल (22) पुत्र सियाराम, देवेंद्र (25) पुत्र बलराम राजपूत के साथ तेज रफ्तार में चौबेपुर की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मानपुर पुलिया के पास जीटी रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में बाइक बाइक सवार आ गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और उस पर सवार तीनों युवक काफी दूर तक सड़क पर रगड़ते चले गए। हेलमेट न पहने होने के कारण तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जब तक डीसीएम चालक गाड़ी रोकता, रघुवीर के सिर पर गंभीर चोट आने से मौत हो चुकी थी, जबकि देवेंद्र और बृजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने दो घायलों को अस्पताल भेजा और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी।एक अन्य घटना थाना क्षेत्र के गांव बहरमापुर में हुई। गांव का ट्रक चालक अन्नू अवस्थी पुत्र अनुरुद्ध अवस्थी गाड़ी लेकर गांव आया था। बुधवार को वह ड्यूटी पर जाने के लिए ट्रक बैक कर रहे थे। इसी बीच गांव के वृद्ध छोटे लाल पाल (75) ट्रक के नीचे आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। छोटेलाल को लहूलुहान हालत में सीएचसी ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उधर, थानाध्यक्ष जसवंत सिंह ने बताया कि बाइक को टक्कर मारने वाली डीसीएम ट्रक का चालक भाग गया है लेकिन गाड़ी को कब्जे में लिया है। जबकि बहरामपुर घटना के बारे में कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली है यदि शिकायत आती है तो संबंधित ट्रक चालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।