भीतरगांव कसबा साढ़ के घाटमपुर रोड तिराहे पर स्थित एक मोबाइल शॉप के ताले तोड़कर चोर हजारों का सामान उठा ले गए। पुलिस ने दुकानदार से तहरीर लेकर रख ली है। लेकिन, शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। चौकी इंचार्ज का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है।
कसबा साढ़ निवासी धीरेंद्र सिंह यादव पुत्र जयराम सिंह की कसबे के घाटमपुर रोड तिराहे पर मोबाइल शॉप है। रोज की तरह वह बुधवार की शाम दुकान बंदकर अपने घर चला गया। गुरुवार की सुबह कुछ लोगों ने दुकान के ताले टूटे देख धीरेंद्र को सूचना दी।
दुकानदार ने बताया कि चोर मोबाइल सेट, रिचार्ज कूपन और गुल्लक में रखी कुछ नगदी सहित करीब 20 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं। बताया कि उसने पुलिस चौकी साढ़ में बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है लेकिन, पुलिस ने अभी मुकदमा नहीं लिखा है। वहीं, चौकी इंचार्ज का कहना है कि जांच के बाद घटना की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।