अमरौधा- सट्टी की ग्रामीण बैंक के गेट पर हंगामा करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
ग्रामीण बैंक की सट्टी शाखा में मंगलवार को भुगतान न मिलने पर खाताधारकों ने हंगामा काटा और बैंक के गेट में ताला जड़ दिया। थाना इंचार्ज के समझाने पर लोग शांत हुए और ताला खोला गया। इस बीच करीब दो घंटे जमा करने का काम भी बाधित रहा।
मंगलवार को बैंक पहुंचे खाताधारक रणवीर यादव, सीमा, मायादेवी, जियाउल हक, गुलनाज, मूलचंद्र, बालकराम गौतम का कहना था कि खाद, बीज, शादी व गृहस्थी की जरूरतों के लिए रुपयों की जरूरत है। बैंक से भुगतान न मिलने से जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं।
शाखा प्रबंधक बल्देवप्रसाद ने बताया कि 8 नवंबर से अब तक सिर्फ दो लाख रुपये कैश मिला था। कैश खत्म होने पर सिर्फ जमा कराने का काम ही हो रहा है। बुधवार को बैंक ऑफ बड़ौदा की पुखरायां शाखा से कैश मिलने की उम्मीद है। कैश आने पर ही भुगतान संभव होगा।