कमरे में ईओ और कर्मियों से पूछताछ करते एसडीएम
- फोटो : amarujala
रूरा। नगर पंचायत रूरा के चेयरमैन व ईओ पर करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगा सभासदों ने डीएम ने जांच कराने की मांग की थी। डीएम ने एसडीएम सदर को जांच सौंपी थी। सोमवार को एसडीएम ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंच कर जांच की।
रूरा नगर पंचायत के सभासद धीरेंद्र सिंह, अमित सैनी, सुधा भदौरिया, रूखसाना बेगम, सुनील यादव, रामशंकर गुप्ता, हेमंत मिश्रा आदि ने एक सप्ताह पूर्व डीएम राकेश कुमार सिंह को शिकायती पत्र सौंपकर विकास कार्य के नाम पर करोड़ों रुपये का घोटाला करने व अनियमितताएं करने का आरोप लगाया था।
मामले में डीएम ने एसडीएम अकबरपुर मनोज सिंह को जांच सौंपी थी। सोमवार की शाम एसडीएम रूरा नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। वहां एक बंद कमरे में जांच के बिंदुओं के बाबत ईओ व अन्य कर्मियों से बात की। शिकायती पत्र के अनुसार एलईडी लाइट लगवाने, दवा छिड़काव में, दो नगर पंचायत कर्मियों को दोहरा वेतन देने, जनरेटर के नाम पर डीजल चोरी करने, नगर पंचायत के पूर्व के भवन को टूटने पर निकले मलबे व खिड़की दरवाजे को निजी कार्य में इस्तेमाल करने संबंधी कई आरोप लगाए गए थे।
एसडीएम ने बताय कि जांच की जा रही, पूरे मामले की रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।