रसूलाबाद क्षेत्र के तरौली गांव के पास विसधन-रसूलाबाद मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में हैलट रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों ही बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। रविवार को अखिलेश (32) पुत्र गेंदालाल निवासी मदनापुुर थाना ठठिया अपने भाई दिनेश के साथ बाइक से बहन के घर कुंवरपुर थाना सहार जा रहा था। दोनों तरौली गांव के पास सामने से आ रहे अरविंद कुमार (18) पुत्र रामबाबू निवासी अरशदपुर थाना शिवली की बाइक से आमने सामने की भिड़ंत हो गई।
जोरदार टक्कर से दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। अखिलेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दिनेश व अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस से रसूलाबाद सीएचसी भेजा।
वहां मौजूद डॉ. लोकेश शर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालात होने पर दिनेश व अरविंद को हैलट रेफर कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज परिवार वालों को सूचना दी गई। इससे घर में कोहराम मच गया। एसआई कृष्णपाल सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तहरीर नहीं मिली है।