बीआईसी कालेज के शिक्षक व बच्चे बिल्हौर में निकालते विरोध मार्च।
- फोटो : अमर उजाला
बिल्हौर। प्रदेश सरकार द्वारा तहसील क्षेत्र में हेरफेर करके जिला मुख्यालय कन्नौज बनाने के विरोध में कालेज के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, प्रबंधक भी बिल्हौर बार एसोसिएशन के साथ हो लिए हैं। बिल्हौर इंटर कालेज के सैकड़ों बच्चों ने विरोध मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। कालेज प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
गुरुवार को बिल्हौर इंटर कालेज प्रबंधक प्रभाकर श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य प्रेम चंद्र त्रिपाठी, बिल्हौर बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने बिल्हौर को कन्नौज में जोड़ने के विरोध में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।
कुलदीप, करन, श्यामजी, रूबी, शमीना आदि छात्र-छात्राओं का कहना था कि कन्नौज में कोई बेहतर शिक्षण संस्थान नहीं है और न उच्च शिक्षा का कोई बेहतर प्रबंध। ऐसे में कानपुर की शिक्षण व्यवस्थाओं के सामने उन्हें जबरन औद्योगिक और विकसित जनपद से किसी भी दशा में अलग न किया जाए।
कन्नौज में किसी भी पाठ्यक्रम के लिए कोचिंग की भी व्यवस्था नहीं है ऐसे में स्टूडेंट्स को छात्रवृत्ति सहित अन्य प्रकार के कार्यों के लिए कन्नौज जाना पड़ेगा और पढ़ाई के लिए कानपुर।
दो-दो जिलों के चक्कर लगाने से समय और धन की बर्बादी होगी। बीआईसी प्रधानाचार्य ने भी इस निर्णय को न्यायसंगत नहीं कहा। शिक्षकों ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी आलोक कुमार को सौंपा।