मंगलपुर थाना क्षेत्र के सड़रामऊ गाव में बारात की बस में तार छू जाने से करंट उतर आया और चालक की मौत हो गई। परिचालक ने खिड़की से कूदकर जान बचाई। शुक्र है कि बस से बाराती पहले ही उतर चुके थे।
सड़रामऊ गांव निवासी राम सिंह की बेटी रेनू की बारात काकादेव कानपुर निवासी श्याम किशोर के घर से आई थी। शनिवार रात करीब 10 बजे श्याम किशोर बस यूपी 35 एच 8836 से बारात लेकर सड़रामऊ गांव पहुंचा। द्वारचार व खाना होने के बाद करीब तीन बजे बस चालक बब्लू प्रसाद (28) पुत्र जोगेंद्र निवासी नसीमाबाद फजलगंज कानपुर और हेल्पर राहुल पुत्र पप्पू निवासी छोटा लखनपुर कानपुर नगर वापस जाने के लिए गांव के रोड पर ही बस बैक करने लगा।
इस दौरान ऊपर से निकला बिजली का तार बस की छत में टकरा गया। इससे बस में करंट उतर आया। हेल्पर राहुल शोर मचाकर खिड़की से नीचे कूद गया। चालक बब्लू ने बस से उतरने के लिए जैसे ही अपने साइड की खिड़की खोली, वह वहीं चिपक गया। कुछ देर बाद ट्रांसफार्मर से फ्यूज उड़ने के कारण सप्लाई बंद हो गई। तब लोगों ने चालक को बस से नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। घटनास्थल पर गए चौकी प्रभारी कंचौसी राजीव कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है।