गर्मी की छुट्टी में तीन बच्चों को आगरा घुमाने ले जा रही शिक्षिका की रूरा स्टेशन पर ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के वक्त वह पर्स चुराकर भाग रहे युवक को पकड़ने के लिए दौड़ी थी, तभी ट्रेन की चपेट में आ गई। इस हादसे से उसके परिवार में कोहराम मच गया। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला इलाहाबाद के टैगोर पब्लिक स्कूल में पढ़ाती थी।
इलाहाबाद के थाना अकरसुइया के मोहल्ला दरियाबाग के 500/ए मकान नंबर निवासी रूसी आब्दी (40) पत्नी इमाम हुसैन शुक्रवार को अपने तीन बच्चों संग गर्मी की छुट्टी में आगरा घूमने जा रही थी। सुबह करीब पांच बजे वह लूपलाइन पर खड़ी इलाहाबाद जयपुर एक्सप्रेस में बैठी थी। इसी दौरान एक युवक बोगी में पहुंचा और महिला का पर्स उठाकर भागने लगा।
यह देख रूसी भी चोर-चोर चिल्लाते हुए उसे पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ी।
चोर तो मेन लाइन पार कर भाग गया, लेकिन जब तक महिला लाइन पार कर पाती तब तक वह तेज रफ्तार से आ रही राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इससे स्टेशन पर आपाधापी मच गई। अचानक घटे इस वाकये से लोग यही नहीं समझ पाए कि महिला आखिर किसी ट्रेन की किस बोगी से निकलकर रेल पटरी तक पहुंची। इस बीच बच्चे खिड़की से झांकते रहे। अचानक ट्रेन चल पड़ी। बाद में रेलवे पुलिस की मदद से टुंडला में तीनों बच्चे सकुशल उतारे गए।
सूचना पाकर जीआरपी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लिया। छानबीन के दौरान मौके पर मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई। सूचना परिजनों को दी गई तो पति मौके पर आया। यहां कागजी लिखापढ़ी पूरी कराने के बाद वह बच्चों को लेने के लिए टूंडला चले गए। बाद में पोस्टमार्टम के लिए शव को कानपुर भेजा गया।
जीआरपी प्रभारी केके त्रिपाठी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला पर्स उठाकर भागे युवक का पीछा करते वक्त हादसे का शिकार हुई है। घटना के संबंध में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी, जिस युवक ने पर्स चुराया है उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।