भीतरगांव (घाटमपुर) विकास खंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय (अमौर) में कक्षा सात की एक छात्रा को डांटने पर उसकी मां ने स्कूल की प्रधानाध्यापिका को कुर्सी से नीचे गिराकर पीटा। घटना के दौरान अन्य शिक्षिकाएं मूकदर्शक बनी रहीं। प्रधानाध्यापिका का आरोप है कि घटना में सहायक शिक्षिकाओं की शह रही है। कार्यवाहक एबीएसए वीरेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
स्कूल में कुसुमलता गुप्ता प्रधानाध्यापिका हैं। जबकि, पूनम मिश्रा और सनोहर इस्लाम सिद्दीकी सहायक शिक्षिका के रूप में तैनात हैं। शुक्रवार की सुबह प्रधानाध्यपिका ने कक्षा सात में पढ़ने वाली छात्रा रोशनी पुत्री ओमप्रकाश को किसी बात पर डांट दिया।
मध्यावकाश में छात्रा अपने घर पहुंची और मां मंजू को घटना बताई। बेटी की बात सुनकर मंजू गुस्से में स्कूल पहुंची और गाली-गलौज करते हुए प्रधानाध्यापिका को कुर्सी से खींचकर नीचे गिरा दिया और उससे हाथापाई की। इस दौरान दोनों सहायक शिक्षिकाएं तमाशा देखती रहीं।
स्कूल में तैनात महिला रसोइया ने किसी तरह बीच-बचाव किया। प्रधानाध्यापिका कुसुमलता गुप्ता का आरोप है कि घटना में दोनों सहायक शिक्षिकाओं का भी हाथ है। उसने खंड शिक्षाधिकारी (भीतरगांव) को पत्र भेजकर घटना की जांच कराने और सुरक्षा दिए जाने की गुहार लगाई है।
कार्यवाहक एबीएसए वीरेंद्र पांडेय (चौबेपुर) ने बताया कि जांच के लिए संकुल प्रभारी श्याम मिश्रा को भेजा गया है।
बताया कि मामले की जांच रिपोर्ट बनाकर सोमवार को जिला बेसिक शिक्षाधिकारी के सामने पेश की जाएगी। जबकि, बीएसए विष्णुप्रताप सिंह ने बताया कि उनको मामले की जानकारी मिली है। जांच रिपोर्ट में जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
मालूम हो कि अक्तूबर के महीने में भी प्रधानाध्यापिका के खिलाफ स्कूल के कई बच्चे पुलिस चौकी साढ़ पहुंचे थे। जबकि, अभिभावकों ने स्कूल के बाहर हंगामा किया था। लेकिन, प्रधानाध्यापिका का कहना है कि यह सब उसके स्कूल में तैनात सहायक शिक्षिकाओं की शह पर हो रहा है।