गुडंबा थाने में मारपीट का फर्जी केस दर्ज करके दलित की हत्या के आरोपियों को बचाने का खेल करने वाले इंस्पेक्टर भानुप्रताप सिंह व एसआई भूपेंद्र सिंह को एसएसपी ने निलंबित कर दिया है। कानपुर देहात पुलिस हत्या के सुबूत मिटाने के आरोप में दोनों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
एसएसपी दीपक कुमार ने अपने ऑफिस के मानवाधिकार प्रकोष्ठ में तैनात इंस्पेक्टर भानुप्रताप सिंह व गुडंबा थाने के एसआई भूपेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया है। कानपुर देहात के एसपी ने दोनों के खिलाफ हत्या के केस में सुबूत मिटाने के आरोप चार्जशीट दाखिल किए जाने का हवाला देते हुए कार्रवाई के लिए महीना भर पहले पत्र भेजा था। तत्कालीन एसएसपी मंजिल सैनी द्वारा मामला ठंडे बस्ते में डाले जाने पर आईजी जोन ने एक मई को एसएसपी को दोनों पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
मालूम हो, गुडंबा के तत्कालीन कोतवाल भानुप्रताप सिंह के आदेश पर 19 नवंबर 16 की शाम 4:30 बजे पारा इलाके के भपरामऊ निवासी दिनेश सिंह की तहरीर पर आशुतोष सिंह व उसके तीन साथियों पर गालीगलौज व मारपीट का केस दर्ज किया गया था। आरोप था कि चारों लोगों ने 16 नवंबर 16 की सुबह दिनेश को गुडंबा इलाके में बुलाया और लेनदेन के विवाद में गालीगलौज व पिटाई की। मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद दिनेश ने विवेचना कराने के लिए कोर्ट में अर्जी दी और अगले दिन आशुतोष सिंह ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। गुडंबा पुलिस ने पहले तो धाराओं का उल्लेख किए बगैर आशुतोष को वांछित दर्शाते हुए कोर्ट में रिपोर्ट पेश की। कोर्ट द्वारा स्पष्ट आख्या मांगने पर विवेचक भूपेंद्र सिंह ने धाराओं का उल्लेख करने के साथ वांछित को ओवरराइटिंग करके नामित कर दिया।
रामशंकर की हत्या के आरोपियों की तलाश में जुटी कानपुर देहात पुलिस को खेल की भनक लगी। तत्कालीन एसपी ने उच्चाधिकारियों को बताया कि रूरा इलाके में 16 नवंबर 16 की सुबह 9 बजे दलित की हत्या के नामजद आरोपियों को बचाने के लिए गुडंबा पुलिस ने खेल किया है। गुडंबा पुलिस के इस खेल को अमर उजाला ने प्रमुखता से उजागर किया। हत्या के 45 मिनट बाद डेढ़ सौ किमी दूर मारपीट का केस दर्ज करने के राज उजागर किए थे। आईजी जोन ए सतीश गणेश ने बताया कि कानपुर देहात के सीओ अकबरपुर ने हत्या आरोपियों से पुलिस की साठगांठ के सुबूत जुटाने के साथ इंस्पेक्टर भानुप्रताप व एसआई भूपेंद्र सिंह के खिलाफ 3 मार्च को चार्जशीट दाखिल की थी।