रसोइया को फटकार लगाते विशेष सचिव।
जिले में विशेष सचिव की आहट होने के बाद सोमवार को शिक्षाधिकारी भी नींद से जाग गए। खंड शिक्षाधिकारी ने सीडीओ के गोद लिए गांव रायपुर स्थित प्राथमिक व जूनियर स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल में हो रही अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं में बच्चों की उपस्थिति काफी कम मिली। इस पर बीईओ ने शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई।
सोमवार को जिले में विशेष सचिव राजकुमार श्रीवास्तव के चार गांवों में निरीक्षण होने की भनक लगते ही शिक्षा विभाग के अफसर भी सक्रिय हो गए। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी सरवनखेड़ा शैलेंद्र उत्तम ने सीडीओ के गोद लिए गांव रायपुर के प्राथमिक और जूनियर स्कूल जा पहुंचे, जहां चल रही अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का पुरसाहाल देखा।
प्राथमिक स्कूल में 155 पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष 79 बच्चे और जूनियर स्कूल में 99 पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष सिर्फ 42 बच्चे ही परीक्षा देते मिले। उन्होंने स्कूल में बच्चों व शिक्षकों का उपस्थिति रजिस्टर देखा।
वहीं, बच्चों की कम उपस्थिति देख बीईओ ने प्रधानाध्यापक शुभम बाजपेयी से अभिभावकों को सूचित कर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। बीईओ शैलेंद्र उत्तम ने बताया कि शिक्षकों से अभिभावकों के साथ बैठक कर उपस्थिति बढ़ाने को कहा गया है। बैठकों में वह खुद भी मौजूद रहेंगे।