आग को काबू करने में लगे दमकल कर्मचारी और ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजली के तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी गेहूं की फसल पर जा गिरी। जिससे बुधवार की दोपहर रेउना इलाके के इस्माइलपुर और बिरहर क्षेत्र के असेनिया गांव में कई बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों और दमकल ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रेउना इलाके के इस्माइलपुर गांव में दोपहर में बिजली के तारों से निकली चिनगारी गेहूं की फसल पर गिर जाने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया। तेज हवा के थपेड़ों से आग ने कई बीघे फसल को अपनी चपेट में ले लिया। किसान और गांव के लोग आग बुझाने में जुट गए।
जिला पंचायत सदस्य जीतू चौरसिया ने इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। जबतक दमकल पहुंची तबतक इंद्रपाल सिंह, रघुवीर सिंह, सभाजीत सिंह, राजेंद्र सिंह, उदयभान सिंह, गोविंद सिंह, खुशीलाल, सतीश चंद्र, सुदामा देवी और रामस्वरूप समेत दस किसानों की तरकीबन 17 बीघे खेतों में खड़ी फसल जल गई। राजस्व लेखपाल ने मौका-मुआयाना करने के बाद आग से हुई क्षति की रिपोर्ट तहसील में दी है।
भीतरगांव समाचार प्रतिनिधि के अनुसार बिरहर पुलिस चौकी क्षेत्र के असेनिया गांव निवासी अरविंद के खेत में आग लगने से करीब 10 बिस्वा खड़ी फसल जल गई। खेत मालिक ने बताया कि आग पास में ही स्थित गुड़ की भट्ठी से उड़ी चिनगारी से लगी।