बाइक से कार्यालय पहुंचे एसपी प्रभाकर चौधरी।
पुलिस कार्यालय व विधानसभा चुनाव तैयारियों में लगी पुलिस की व्यवस्था जांचने के लिए रविवार को आम आदमी बनकर एसपी ट्रैक सूट पहनकर बाइक से पहुंच गए। एसपी को इस तरह देखकर कार्यालय में मौजूद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय में हो रहे सफाई कार्य सहित अन्य व्यवस्थाएं देखी।
माती पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विधानसभा चुनाव तैयारियों सहित कार्यालय की साफ-सफाई कर नया लुक दिया जा रहा है। कार्यालय की व्यवस्था जांचने के लिए रविवार दोपहर एसपी प्रभाकर चौधरी बिना किसी को बताए ट्रैक सूट पहन और हेलमेट लगाकर बाइक से ही निकल पड़े।
आवास से एसपी को बाइक से निकलते देख मातहत पीछे पीछे दौड़े, लेकिन एसपी बाइक से फर्राटा भरते हुए सीधे पुलिस कार्यालय जा पहुंचे और सफाई सहित कार्यालय व्यवस्था जांचने लगे।
एसपी को घरेलू लिबास में देख कार्यालय में हड़कंप मच गया और व्यवस्थाएं दुरस्त की जाने लगी। इस दौरान एसपी ने परिसर में उगी घास की सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही आने वाले फरियादियों की समस्याएं प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका समाधान कराने के लिए निर्देशित किया।