इस तरह मालगाड़ी से पेट्रोल निकालते हैं ग्रामीण।
गजनेर क्षेत्र के बाहबलपुर गांव के पास बने रिलायंस डिपो में मालगाड़ी से डीजल पार करने वाले एक युवक को जीआरपी ने पकड़ लिया। बता दें कि डिपो के पास से गांव वाले डीजल और पेट्रोल पर ग्रामीण खूब हाथ साफ करते हैं। जीआरपी को देखकर अन्य लोग मौके से भाग निकले।
गजनेर थाना क्षेत्र में बने रिलायंस डिपो में हफ्ते में तीन बार मालगाड़ियों के माध्यम से जामनगर से डीजल एवं पेट्रोल आपूर्ति किया जाता है। इसके बाद यहां से टैंकरों के माध्यम से पेट्रोल पंप तक तेल पहुंचाया जाता है। लालपुर स्टेशन से डिपो तक आने के दौरान मालगाड़ी की स्पीड धीमी रहती है।
लालपुर, बाहबलपुर सहित आसपास के गांव वाले बाल्टी लगाकर डीजल निकाल लेते हैं। इसकी सूचना लगातार जीआरपी को मिल रही थी। रविवार को जीआरपी ने डिपो के पास छापा मारा। लालपुर गांव निवासी राघवेंद्र सिंह यादव को डीजल निकालते पकड़ लिया गया।
जीआरपी युवक को लेकर पुखरायां ले गई। फोर्स को देखकर अन्य लोग भाग गए। गांव वालों ने बताया कि गांव के कई लोग यह डीजल निकालकर बेच लेते हैं। इससे अच्छी इनकम हो जाती है।