घाटमपुर पुलिस ने कसबे के जैतीपुर रोड पर सपा के फ्रंटल संगठन के पदाधिकारी के घर छापा मारकर वहां चल रहा जुआड़खाना पकड़ा। सपा नेता सहित दस लोगों को गिरफ्तार किया गया।
फड़ और जामा तलाशी में हजारों रुपये की नगदी, एक कार, पांच बाइक और दस मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया।
प्रभारी थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि सीओ के निर्देश पर पुलिस दल ने कसबे के जैतीपुर रोड पर स्थित आमिर जैदी के मकान में छापा मारा। पुलिस ने बताया कि आमिर मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड, घाटमपुर के नगर अध्यक्ष है। उसके घर में जुआड़खाना चल रहा था।
पुलिस दल छापा पड़ते ही जुआरी इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दस लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों में सपा नेता आमिर जैदी, प्रदीप कुमार, अमित चौरसिया, ओले, अरविंद, सन्नी पांडेय, आशीष, राजकुमार और आनंद उर्फ भोले सहित दस लोग शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि फड़ में 29 हजार और जामा तलाशी में 15 हजार रुपये और तीन ताश की गड्डी बरामद हुई। जबकि, मौके से एक कार, पांच बाइक दस मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद सभी को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।
जुआरियों को पकड़ने वाली टीम में प्रभारी थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह और कसबा चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार यादव के अलावा चौकी और थाने के कई जवान शामिल रहे।