पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो वहां कोहराम मच गया
- फोटो : अमर उजाला
कनपुत देहात के मंगलपुर कस्बे में घर के बाहर खेलते समय लापता हुए मासूम मंगलवार देर शाम लाही के खेत में बेहोश मिला था। मासूम की जिला अस्पताल इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। बुधवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो वहां कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का हवासपुर नदी घाट पर अंतिम संस्कार किया।
मंगलपुर निवासी मुनीश कुमार का पुत्र चंचल (पांच) मंगलवार दोपहर घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान वह रहस्यमय ढंग लापता हो गया। काफी देर तक घर न पहुंचने पर मां केसकली ने मोहल्ले में तलाश किया। देर शाम चाचा बाबू को चंचल पिंकू शुक्ला के लाही के खेत में बेहोशी हालत में मिला।
परिजन उसे हवासपुर सीएचसी ले गए, जहां डा. सिद्धार्थ गोपाल शर्मा ने उसे चिंताजनक हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। बुधवार को दरोगा बीरेंद्र सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव का पंचायतनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम के बाद शाम को मासूम का शव घर लाया गया। मां तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने शव को हवासपुर नदी घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। दरोगा बीरेंद्र सिंह ने बताया कि अभी मृतक के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
मृतक चंचल दो बहनों शैलबी व सोनम के बीच अकेला भाई था, उसकी मौत पर परिवार की खुशियां छिन गई। मृतक के चाचा बाबू कुशवाहा का कहना है कि भतीजे की हत्या की गई है। कोई परिवार के साथ साजिश कर रहा है। बताया कि दो वर्ष पूर्व उसके तीन वर्षीय पुत्र मंगल की दरवाजे पर पानी कुंडी में डूबने से मौत हुई थी। आशंका जताई कि कोई परिवार के बच्चों की हत्या कर रहा है। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर तहरीर दी जाएगी।