भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में अकोढ़ी गांव की एक युवती को ढाई लाख इनाम का झांसा देकर एक युवक ने अपने बैंक खाते में 28 हजार रुपये जमा करा लिये। बैंक की स्थानीय शाखा में शिकायत पर संबंधित खाते के संचालन पर रोक लगा दी गई। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी गई है।
अकोढ़ी गांव निवासी हरपाल सिंह की पुत्री प्रीती ने बताया कि 14 जनवरी को उसके मोबाइल फोन पर इनामी योजना में शामिल होने के लिए संबंधित नंबर में 200 रुपये की रीचार्ज कराने के लिए कहा गया था। अगले दिन इनाम की रकम 2.51 लाख रुपये भेजने के लिए उसी फोन नंबर से बैंक एकाउंट और आधार नंबर की जानकारी मांगी गई। 16 जनवरी को एक बैंक एकाउंट का नंबर बताकर उसमें नौ हजार रुपये जमा कराये गए।
थोड़ी देर बाद इनाम की रकम डालर में होने की बात कहकर एक्सचेंज के नाम पर उसी खाते में 19 हजार रुपये और डलवा लिये गए। इसके बाद फिर से 30 हजार रुपये डालने की बात कही। इस पर उसे ठगी की आशंका हुई। बैंक ऑफ बड़ौदा की स्थानीय शाखा के मैनेजर अमित सुमन ने बताया कि लखनऊ की वैभव खंड ब्रांच के एक खाते में रुपये डलवाये जाने की पुष्टि हुई। संबंधित खाते के संचालन पर रोक लगवा दी गई है।
कोतवाल राधा मोहन दुबे ने बताया कि साइबर क्राइम का मामला है, जिस पर जिला मुख्यालय से कार्रवाई होगी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय को रिपोर्ट भेजी जा रही है।