भीतरगांव कसबे के साढ़ मार्ग पर स्थित गौरी-ककरा गांव के निकट एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे शव को बाहर निकाला गया।
थाना जहानाबाद (फतेहपुर) के मंगलपुर (टकौली) गांव निवासी अमर सिंह (22) पुत्र रामनाथ विश्वकर्मा नलकूप की बोरिंग का काम करता था। रविवार की दोपहर बाद वह सरसौल क्षेत्र के नगरा गांव से अपने घर लौट रहा था।
ट्रैक्टर-ट्राली में बोरिंग मशीन बंधी होने के साथ ही लोहे के पाइप और अन्य सामान रखा था। अमर सिंह अकेले ही तेज रफ्तार में ट्रैक्टर चलाकर जा रहा था।
गौरी-ककरा गांव के पास मोड़ पर अचानक रोड के किनारे एक टेंपो खड़ा देख चालक ने ट्रैक्टर को एक ओर मोड़ा। तभी तेज रफ्तार होने से ट्रैक्टर खड्ड में जाकर पलट गया। चालक अमर सिंह उसके नीचे दब गया।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। चौकी पुलिस भी पहुंची और गांववालों की मदद से किसी तरह ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकलवाया।
देर शाम तक पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने को वाहन की तलाश करने में जुटी थी।