घाटमपुर कोतवाली के गजनेर रोड पर स्थित नंदना चौराहे के निकट बाइक और साइकिल की टक्कर हो जाने से एक किशोरी सहित तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो को कानपुर रेफर किया गया है।
गुरुवार की दोपहर थानाक्षेत्र के भदौली (हथेही) गांव निवासी सियाराम कुशवाहा का पुत्र नवीन कुमार कुशवाहा (20) अपनी बहन संध्या (16) को बाइक में बैठाकर घाटमपुर की ओर जा रहा था। वह जैसे ही नंदना गांव के चौराहे के पास पहुंचा।
तभी, अचानक नंदना गांव का ही रहने वाला गुरुमेश (14) पुत्र अलताफ साइकिल लेकर बाइक के आगे आ गया।
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से गुरुमेश उछलकर एक ओर जा गिरा। जबकि, बाइक सवार नवीन कुशवाहा और
उसकी बहन भी दूसरी ओर जा गिरे।
हेलमट न लगाए होने से नवीन के सिर पर चोट आई। जबकि, साइकिल सवार गुरुमेश के जबड़ा, सिर, आंख और शरीर में गंभीर चोटें आने से वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
नंदना चौराहे पर मौजूद लोगों ने तीनों को जल्दी से उठाया। बगल में स्थित चौकी से पुलिस भी आ गई। घायलों को वाहन में लादकर सीएचसी (घाटमपुर) पहुंचाया गया, जहां से डाक्टरों ने साइकिल सवार गुरुमेश को हैलट और बाइक सवार नवीन कुशवाहा को उर्सला अस्पताल (कानपुर) रेफर किया।
वहीं, नवीन की बहन संध्या को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घर जाने दिया गया। डाक्टरों ने गुरुमेश की हालत चिंताजनक बताई है।