घाटमपुर कस्बे के मूसानगर रोड पर दूध के पीपे लादकर जा रही तेज रफ्तार पिकप ने साइकिल सवार छात्र को टक्कर मार दी। उसे गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया, जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। चालक पिकप समेत मौके से भाग निकला। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पिकप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के काटर गांव निवासी मोहित (19) पुत्र रामकिशोर मुइया गांव के संत बिरागी बाबा महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। शनिवार की शाम वह परीक्षा खत्म होने के बाद साइकिल से घर लौट रहा था। देर शाम जैसे ही कोरों मोड़ के पास पहुंचा तभी, तेज रफ्तार पिकप ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेनी सिंह अवस्थी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाटमपुर में भर्ती कराया गया।
जहां डाक्टरों के इलाज शुरू करने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
कोतवाली में मोहित के पिता रामकिशोर ने पिकप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जाजपुर चौकी के दरोगा अपरवल सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पिकप चालक की तलाश की जा रही है।
वहीं कानपुर रोड स्थित प्रतापपुर गांव के पास तेज रफ्तार बाइक रोड पार कर रहे मवेशियों से टकरा गई। हादसे में पति-पत्नी घायल हो गए। जबकि, उनकी चार वर्ष की बच्ची हादसे में बाल-बाल बच गई। बाइक चालक हेलमेट लगाए था। ठठराही बाजार बिंदकी, जिला फतेहपुर निवासी अनुज कुमार (32), पत्नी पूजा (30) और बेटी निधि (4) के साथ बाइक से कानपुर जा रहे थे। दोपहर में वह जैसे ही प्रतापपुर गांव के सामने पहुंचे।
तभी, रोड पार कर रहे मवेशियों के झुंड से बाइक टकराकर रोड पर गिर गई। हेलमेट लगाए होने से अनुज के सिर पर चोट नहीं आई। जबकि, हाथ-पैर जख्मी हो गए। वहीं, पत्नी पूजा को गंभीर चोटें आईं। हादसे में बेटी निधि बाल-बाल बच गई। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। अन्य घटना में कस्बे के बरनांव रोड मोड़ के निकट तेज रफ्तार वैन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिसमें बरनांव गांव निवासी संदीप कुमार (25) पुत्र रामशंकर घायल हो गया। वह हेलमेट नहीं पहने था, जिससे उसके सिर पर चोट आईं। सीएचसी से उसे कानपुर रेफर किया गया है।