बाइक तेज रफ्तार में होने कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक ट्रक के पीछे जा घुसी।
- फोटो : अमर उजाला
भीतरगांव पुलिस चौकी बिरहर के क्योंटरा मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सवार सामने से आ रहे साइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद रोड पर गिर गया। हेलमेट न पहने होने से उसके सिर पर चोट लगी और उसकी मौत हो गई।
क्योंटरा (बिरहर) गांव निवासी रामबाबू केवट (26) बुधवार की सुबह बाइक से जहानाबाद जा रहा था। सुबह करीब 9 बजे वह जैसे ही गांव के बाहर स्थित सड़क के मोड़ पर पहुंचा, तभी दूसरी तरफ से साइकिल में उसके गांव का रामभजन निषाद (47) आ गया।
रोड के मोड़ पर अचानक आए साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में रामबाबू ने बाइक एक ओर मोड़ी। लेकिन, वह खुद साइकिल सवार को टक्कर मारता हुआ बाइक समेत एक ओर जा गिरा।
हेलमेट न पहने होने से उसके सिर पर चोट आई और वह बेहोश हो गया। उसे डाक्टर के पास ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर, घायल साइकिल सवार रामभजन को पड़ोसी कसबा जहानाबाद (फतेहपुर) के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत सामान्य बताई है। बिरहर चौकी इंचार्ज ने बताया कि रामबाबू के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।