एंजेसी से नई बाइक लेकर घर जा रहे बाइक सवारों ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इससे दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। जबकि, मार्ग सूनसान होने से ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। कोतवाली पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में सीएचसी भेजा। आनन-फानन में दोनों को कानपुर रेफर कर दिया गया पर रास्ते में एक युवक में दम तोड़ दिया।
क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी आदित्य कटियार (20) पुत्र रामचंद्र कटियार और उसका साथी गांव का ही सिंटू पुत्र जगदीश शर्मा गुरुवार की शाम करीब 5:40 बजे बिल्हौर कसबा की एसआर बाइक एजेंसी से 220 सीसी की पल्सर बाइक लेकर घर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिल्हौर-मकनपुर मार्ग पर सूनसान होने के कारण आदित्य की बाइक की गति काफी तेज थी, इसी दौरान मोहमदापुर सड़क से एकाएक निकले ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में बाइक चला रहे आदित्य ने बाइक से नियंत्रण खो बैठा।
बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था। काफी देर तक सड़क पर तड़पने के बाद दुर्घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी जीवाराम यादव ने आनन-फानन में अपनी सरकारी वाहन से दोनों घायलों को सीएचसी भेजा। बताया कि दोनों बाइक सवार युवकों की जिस ट्रैक्टर से टक्कर हुई वह सूनसान होने के कारण मौके से भाग निकला है।
सीएचसी पहुंचे घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार सिर में अधिक चोट लगने और खून अधिक बहने से रास्ते में ही आदित्य ने दम तोड़ दिया। सीएचसी डाक्टरों की मानें तो सिंटू के सिर में भी गंभीर चोंटे हैं, यदि समय रहते उपचार मिलता है तभी जान बचने की संभावना है।
सीएचसी डाक्टरों और कोतवाली पुलिस सिपाहियों के द्वारा जब घायलों को कानपुर रेफर किया जा रहा था, तभी कुछ युवकों ने गाली-गलौज और हो-हल्ला शुरू कर दिया, जिससे काफी देर बाद एंबुलेंस का रवाना किया जा सका।